
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने बिरकोना रोड पर युवक से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नगदी राशि तथा वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोनी में अपराध क्रमांक 272/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रार्थी गौतम पालेकर (30 वर्ष), निवासी ग्राम सेदरी रामतला रोड, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 मई 2026 की रात करीब 11 बजे वह सेंट्रल लाइब्रेरी से अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल (CG 10 BK 3754) से कुलपति निवास बिरकोना रोड होते हुए घर लौट रहा था।
इसी दौरान बजरंगबली मंदिर के पास सड़क किनारे ई-रिक्शा खड़ा कर चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और जेब में रखे 1000 रुपये तथा उसकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली, सभी निवासी लिंगियाडीह सरकंडा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट की रकम का कुछ हिस्सा शौक-मौज में खर्च कर दिया गया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने आरोपी सरजू भास्कर के कब्जे से लूट में प्रयुक्त ई-रिक्शा (CG 10 BJ 6885) और नगद राशि बरामद की, जबकि आरोपी कृष लहरे के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल एवं नगदी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सरजू भास्कर (20 वर्ष), कृष लहरे (20 वर्ष), राजकुमार सूर्यवंशी (20 वर्ष) और शाकिर अली (21 वर्ष) शामिल हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
