
बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से तोरवा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों एवं चाकूबाजों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है।
मंगलवार को थाना तोरवा पुलिस ने क्षेत्र के छह चाकूबाजों और निगरानी बदमाशों को थाना तलब कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए भविष्य में आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना तोरवा क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाश, चाकूबाज एवं असामाजिक तत्वों की लगातार निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में जेल से रिहा हुए और पूर्व में विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त रहे आरोपियों का सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया गया।जांच के दौरान छह चाकूबाजों को थाना बुलाकर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में भय का माहौल बनाने, धारदार हथियार रखने, कानून व्यवस्था भंग करने अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अड्डाबाजी, असामाजिक गतिविधियों तथा आदतन अपराधियों पर नजर रखने के लिए नियमित रूप से चेकिंग, सत्यापन और छापामार कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
