
बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन एवं बुधवारी क्षेत्र में सरेराह धारदार चाकू लहराकर दहशत फैला रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ श्रीकांत जायसवाल (35 वर्ष) निवासी नयापारा सिरगिट्टी, बिलासपुर तथा राजकुमार खुटे (34 वर्ष) मूल निवासी मलदा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं वर्तमान निवासी तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
बताया गया कि बिलासपुर का प्रमुख रेलवे जंक्शन थाना तोरवा क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों एवं आम नागरिकों का आवागमन होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन, बुधवारी बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार विशेष पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है।
इसी दौरान मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे थाना तोरवा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम रेलवे स्टेशन के बाहर बुधवारी क्षेत्र स्थित एक होटल के पास पहुंची। वहां दो युवक हाथों में धारदार चाकू लेकर सरेआम लहरा रहे थे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो धारदार चाकू बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान एवं निवास संबंधी जानकारी की पुष्टि होने के बाद उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
