
बिलासपुर, 1 जून। खरीफ सीजन 2026 को देखते हुए जिले में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन के अनुसार किसानों को उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल प्रतिदिन खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की समीक्षा कर रहे हैं।

कृषि विभाग की जानकारी के मुताबिक जिले की 114 सहकारी समितियों के साथ निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि वर्तमान में जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और किसानों की मांग के अनुरूप लगातार वितरण किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार खरीफ 2026 के लिए जिले को 68,950 टन रासायनिक उर्वरकों का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध अब तक 46,780 टन से अधिक उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 60.28 प्रतिशत है। वहीं अब तक किसानों को 19,912 टन से अधिक उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है।
जिले में वर्तमान में 41,560 टन उर्वरक का स्टॉक उपलब्ध बताया गया है। इसमें 22,996 टन यूरिया, 5,621 टन डीएपी, 6,808 टन एनपीके, 4,981 टन एसएसपी और 1,155 टन एमओपी शामिल है। कृषि विभाग द्वारा उर्वरक कंपनियों से अतिरिक्त रैक मंगाकर भंडारण क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
प्रशासन ने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमित वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों को सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के यहां नियमित निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और मांग-आपूर्ति की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद खरीदें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें। प्रशासन का कहना है कि जिले में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता के चलते खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
