
रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एलसीडी टीवी, इंडक्शन और मोबाइल फोन सहित हजारों रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मामला घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-15 निवासी अमन गुप्ता की शिकायत से जुड़ा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि धरमजयगढ़ रोड स्थित उनकी दुकान “गोल्डी फर्नीचर इलेक्ट्रॉनिक एंड मोबाइल” से सितंबर 2025 में मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी, इंडक्शन और पंखे चोरी हो गए थे। दुकान का सामान कम होने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान से सामान बाहर निकालते दिखाई दिया।
जांच के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार फरार था, जिसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामायण दास महंत उर्फ बर्रा (45) निवासी खरसिया क्षेत्र को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने दुकान से एलसीडी टीवी, मोबाइल फोन, इंडक्शन और पंखे चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एलसीडी टीवी और दो इंडक्शन बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने चोरी का मोबाइल घरघोड़ा निवासी मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान को बेचने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा पुलिस टीम द्वारा की गई।
