16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 नाइट्राज़ेपाम (Nitrazepam) की नशीली गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीली गोलियों के अलावा बिक्री से प्राप्त 760 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरपा नदी स्थित पचरी घाट के पास एक युवक अवैध रूप से नशीली गोलियां बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 49 नाइट्राज़ेपाम गोलियां तथा बिक्री की 760 रुपये नकद राशि बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की उर्फ लकेश्वर यादव (20 वर्ष) निवासी पुराना हाईकोर्ट के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
