16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर-सीपत रोड स्थित चावला ग्रीन्स के पास गुरुवार को एक अज्ञात युवक का करीब दो दिन पुराना शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर युवक का शव पड़ा मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना एवं मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

प्रारंभिक जांच में मृतक के हाथ पर टैटू मिला है, जो उसकी पहचान का अहम आधार बन सकता है। वहीं, शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका को भी गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।

फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें। साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
