16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ढाबा संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश करने वाले छह आरोपियों को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बटनदार चाकू सहित वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, भूण्डा निवासी ढाबा संचालक इस्माइल खान उर्फ सोनू ने शिकायत दर्ज कराई कि 13 जुलाई की रात कुछ युवक उसके ढाबे पर खाना खाने आए थे। अगले दिन वे अपना मोबाइल ढाबे में छूटने की बात कहकर सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंचे। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद मोबाइल नहीं मिलने पर आरोपियों ने ढाबे के कर्मचारी से मारपीट की, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
इसी रंजिश के चलते 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे मुख्य आरोपी संकेत कुमार जायसवाल अपने पांच साथियों के साथ दोबारा ढाबे पर पहुंचा। सभी ने मिलकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर ढाबा और संचालक को लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया तथा बटनदार चाकू और अन्य हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, अन्य सामग्री तथा सीसीटीवी फुटेज जब्त कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
