16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, तिलक नगर में गुरुवार को परीक्षा परिणाम को लेकर जमकर बवाल मच गया। कक्षा 9वीं और 11वीं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अनुत्तीर्ण होने से नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर पहुंचकर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि सिविल लाइन थाना पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। इस दौरान पालकों और स्कूल प्रबंधन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को अवसर परीक्षा का भी मौका दिया गया था, लेकिन उसमें भी कई छात्र उत्तीर्ण नहीं हो सके। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने दोबारा परीक्षा आयोजित कर विद्यार्थियों को पास करने से साफ इनकार कर दिया। इसी निर्णय से नाराज होकर बड़ी संख्या में पालक स्कूल पहुंच गए और बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए एक और अवसर देने की मांग पर अड़ गए।

बताया जा रहा है कि कक्षा 9वीं के 71 विद्यार्थियों में से 27 छात्र अनुत्तीर्ण हुए हैं, जबकि कक्षा 11वीं के लगभग 40 विद्यार्थियों में से 21 छात्र परीक्षा में असफल रहे। आधे से अधिक विद्यार्थियों के फेल होने के बाद अभिभावकों ने स्कूल की शिक्षण व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और मूल्यांकन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि इतने अधिक छात्र असफल हो रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की भी है।

हंगामे के बीच स्कूल की प्राचार्या श्रद्धा गौराहा ने प्रतिनिधि पालकों को अपने कक्ष में बुलाकर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय ने नियमों के तहत मुख्य परीक्षा के बाद अवसर परीक्षा भी आयोजित की थी, लेकिन निर्धारित मानकों में सफल नहीं होने वाले विद्यार्थियों को नियमों के विरुद्ध उत्तीर्ण घोषित नहीं किया जा सकता।

वहीं, मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर माहौल शांत कराया। हालांकि, बैठक के बाद भी पालकों और विद्यार्थियों की नाराजगी कम नहीं हुई। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर छात्रों के हित में समाधान निकालने की मांग की है, ताकि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सके।
