16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 16 जुलाई। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम “हमर पहुना” में गुरुवार शाम भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पत्रकारों से खुलकर संवाद करते हुए उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, बिलासपुर के विकास की भावी रूपरेखा और समसामयिक मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार रखे। कार्यक्रम प्रश्नोत्तर शैली में आयोजित हुआ, जिसमें पत्रकारों ने जनहित से जुड़े अनेक सवाल पूछे और केंद्रीय मंत्री ने विस्तार से उनका जवाब दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिन्ह भेंट कर केंद्रीय मंत्री का आत्मीय स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में तोखन साहू ने अपने जीवन और राजनीतिक यात्रा के कई अनछुए पहलुओं को साझा किया।

उन्होंने बताया कि उनका राजनीतिक सफर किसी राजनीतिक परिवार से नहीं, बल्कि एक साधारण ग्रामीण परिवार से शुरू हुआ। निजी क्षेत्र में अकाउंटेंट की नौकरी करते हुए उन्होंने सबसे पहले पंच का चुनाव लड़ा और वहीं से जनसेवा की यात्रा प्रारंभ हुई। इसके बाद वे सरपंच, जनपद सदस्य, विधायक, सांसद और अब केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन का परिणाम है।

मंत्री बनने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से अचानक फोन आया, जिसके बाद नई जिम्मेदारी मिलने की जानकारी मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने प्रत्येक सहयोगी के कार्य, क्षेत्र और पृष्ठभूमि की गहरी जानकारी रखते हैं, जिसने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।
बिलासपुर के विकास का रखा विस्तृत रोडमैप:केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिलासपुर को विकसित और आधुनिक शहर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए लगभग 290 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है, जबकि नाइट लैंडिंग सुविधा भी सुनिश्चित हो चुकी है, जिससे भविष्य में हवाई सेवाओं का व्यापक विस्तार संभव होगा।

रेलवे क्षेत्र में उन्होंने बताया कि 58 ट्रेनों के स्टॉपेज दोबारा बहाल किए जा चुके हैं। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में विकसित किए जा रहे हैं, वहीं 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को कम करने के लिए 32 किलोमीटर लंबे बाइपास की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में ट्रैफिक व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अरपा संरक्षण, महामाया कॉरिडोर और आवास योजनाओं पर विशेष जोर:तोखन साहू ने कहा कि रतनपुर माता महामाया कॉरिडोर, शहर के तालाबों के सौंदर्यीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और अरपा नदी संरक्षण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अरपा नदी में गिरने वाले सीवरेज के उपचार के लिए बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की योजना पर केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों का चयन राज्य सरकार करती है और जैसे ही प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्राप्त होते हैं, स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले एक-दो वर्षों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ मिल जाएगा।
छत्तीसगढ़ी भाषा और जीवनशैली पर भी रखे विचार:छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने के प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष पहल की है। कई भाषाओं के प्रस्ताव विचाराधीन हैं और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
उन्होंने अपनी व्यक्तिगत जीवनशैली का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे नियमित योग करते हैं, मिलेट आधारित भोजन को प्राथमिकता देते हैं तथा अपने घर में जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ पत्रकारों सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों ने “हमर पहुना” को जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच सार्थक संवाद का प्रभावी मंच बताते हुए इसकी सराहना की। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने भी प्रेस क्लब के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे संवाद लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
