
रायगढ़, 27 मई 2026। जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 20 से 25 मई तक चलाए गए अभियान में पुलिस ने 230 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जिनमें 76 स्थायी वारंटी और 154 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उनके खिलाफ गिरफ्तारी और स्थायी वारंट जारी किए गए थे। उनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करने की व्यवस्था भी की गई।
स्थायी वारंट की तामिली में घरघोड़ा थाना पहले स्थान पर रहा, जहां 17 स्थायी वारंट तामील किए गए। दूसरे स्थान पर चक्रधरनगर थाना ने 09 स्थायी वारंट तामील किए, जबकि लैलूंगा थाना ने 07 स्थायी वारंट तामील कर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं गिरफ्तारी वारंट तामिली में धरमजयगढ़ थाना ने 28 गिरफ्तारी वारंट तामील कर पहला स्थान प्राप्त किया। चक्रधरनगर थाना ने 27 वारंट तामील कर दूसरा और छाल थाना ने 22 गिरफ्तारी वारंट तामील कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। घरघोड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। साथ ही फरार निगरानी बदमाश मोहसिन खान उर्फ गुरु पठान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके अलावा चक्रधरनगर पुलिस ने मारपीट मामले में फरार छह आरोपियों को पकड़ा, जबकि भूपदेवपुर पुलिस ने दुष्कर्म प्रकरण और लैलूंगा पुलिस ने चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “रायगढ़ जिले में फरार अपराधियों, वारंटियों और निगरानी बदमाशों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। अपराधियों की लगातार धरपकड़ कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”
