
बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र में मोटरसाइकिल हटाने की मामूली बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में तोरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश में दबिश देकर पकड़ा, जबकि हमले में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा भी जप्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 270/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम पासी (25 वर्ष) निवासी लालखदान तथा निर्मल पासी (44 वर्ष) निवासी लालखदान ओव्हरब्रिज के पास, थाना तोरवा शामिल हैं।
घटना 24 मई 2026 की रात लगभग 8:20 बजे की बताई जा रही है। प्रार्थी अयन पाटले मोहम्मद बाजार गया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अयन पाटले के सिर पर लोहे के चूड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा।
घटना की सूचना मिलने पर अयन का भाई अमन पाटले मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार हो चुके थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी निर्मल पासी मोबाइल बंद कर मध्यप्रदेश के महूरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे आरोपी शिवम पासी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा जप्त कर लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
