
रायगढ़:लगातार हो रही डूबने और जनहानि की घटनाओं को देखते हुए हाई रिस्क जोन घोषित किए गए पंचधारी एनीकट क्षेत्र में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेम में नहा रहे 3 युवकों और शराब सेवन कर रहे 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएसएस एवं आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा पंचधारी एनीकट क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित किया गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा 11 मई को बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी कर एनीकट और आसपास के क्षेत्र में नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी, रील बनाने और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि पंचधारी एनीकट में कुछ युवक नशा कर रहे हैं और डेम में नहा रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दीपक कुमार यादव (24), संतोष कुमार यादव (25) और उमाशंकर साहू (21) डेम में नहाते पाए गए।
पुलिस के अनुसार, समझाइश देने पर युवक आवेश में आकर बहस करने लगे और धमकी देने लगे। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तीनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा पेश किया।
वहीं पंचधारी डेम के समीप शराब सेवन करते पाए गए धनंजय साहू (25) निवासी सक्ती एवं संजु कंवर (31) निवासी रायगढ़ के खिलाफ धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही शांति भंग की आशंका पर दोनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि पंचधारी एनीकट में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की
