
बिलासपुर:राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजना कार्यान्वयन इकाई, बिलासपुर ने अत्याधुनिक आपातकालीन चिकित्सा एम्बुलेंस सेवाओं की शुरुआत की है। यह सुविधा राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बिलासपुर से रायगढ़ मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए उपलब्ध कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, यात्रियों को त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए पाराघाट टोल प्लाजा और केसला टोल प्लाजा में आधुनिक एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। किसी दुर्घटना, स्वास्थ्य आपात स्थिति या अन्य संकट के दौरान यह सेवाएं तुरंत राहत उपलब्ध कराने में मदद करेंगी।
परियोजना निदेशक श्री मुकेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा एनएचएआई की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लंबी यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की तकनीकी जांच अवश्य करें और मोबाइल की स्पीड डायल सूची में 1033 नंबर सेव रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर 24×7 मददगार है डायल 1033
एनएचएआई का टोल-फ्री नंबर 1033 यात्रियों के लिए हर समय सहायता उपलब्ध कराता है। हाईवे पर वाहन खराब होने, टायर पंचर, इंजन फेल, सड़क पर पेड़ गिरने, मवेशियों की मौजूदगी, मलबा पड़ने, स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति, फास्टैग या टोल संबंधी परेशानी और सुरक्षा संबंधी शिकायतों पर इस नंबर के जरिए मदद ली जा सकती है।
ऐसे काम करती है 1033 आपातकालीन सेवा
जैसे ही कोई यात्री 1033 पर कॉल करता है, एनएचएआई का कॉल सेंटर सक्रिय हो जाता है। कॉल करने वाले से घटना या समस्या की लोकेशन ली जाती है और कुछ ही समय में एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन या अन्य जरूरी सहायता मौके पर भेजी जाती है। घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने के साथ ही सड़क पर मौजूद अन्य बाधाओं को भी तेजी से हटाने की व्यवस्था की जाती है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ते यातायात के बीच एनएचएआई की यह पहल यात्रियों के लिए राहत और सुरक्षा का बड़ा माध्यम साबित हो सकती है।
