
बिलासपुर:जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त, एक अवैध कोयला डिपो सील तथा करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में विशेष अभियान के तहत की गई।
खनिज विभाग की टीम ने ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो में जांच के दौरान पाया कि भंडारण अनुज्ञा समाप्त होने के बाद भी कोयला डिपो संचालित किया जा रहा था। इसके बाद विभाग ने मौके पर पहुंचकर एक ट्रेलर वाहन, भारी मात्रा में कोयला और लोडर मशीन को जब्त कर डिपो सील कर दिया। कार्रवाई में करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया।
इसी दौरान शासकीय भूमि पर अवैध खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं, जबकि 2 हाईवा वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। विभाग ने हाईवा वाहनों को मौके पर ही सील कर दिया। जब्त ट्रेलर और जेसीबी मशीनों को रतनपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसके अलावा पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्र में चलाए गए जांच अभियान के दौरान अवैध चूना पत्थर और रेत परिवहन करते 3 हाईवा वाहन जब्त किए गए। सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
