
बिलासपुर में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। लोगों की जान जोखिम में डालते हुए तेज और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालक को कोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत मौहारपारा निरतू, रतनपुर-रायपुर रोड पर 24 मई की रात लगभग 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच एक आर्टिका कार (CG 10 CD 1416) का चालक सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था।

आरोप है कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करते हुए वाहन दौड़ाया, जिससे युवती की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। साथ ही सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई।
मामले में सेंदरी निवासी प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी की लिखित शिकायत पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 263/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी चालक राहुल कौशिक (30 वर्ष), पिता भागवत कौशिक, निवासी सरकंडा बिलासपुर के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सार्वजनिक मार्गों पर स्टंटबाजी, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें, क्योंकि ऐसी हरकतें स्वयं के साथ दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती हैं।
