
बिलासपुर:तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम भवन में चल रहे भाजपा जिला शहर के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान मंगलवार को एक दुखद घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण शिविर प्रभारी रूप नारायण सिन्हा का अचानक निधन हो गया। घटना के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रूप नारायण सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ और जीवनशैली में योग की भूमिका को लेकर मार्गदर्शन दिया। इसी बीच दोपहर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत होने पर तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों और पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही भाजपा संगठन में शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे।

हादसे के बाद प्रशिक्षण शिविर को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। परिजनों को सूचना देने के बाद पार्थिव शरीर को रायपुर ले जाने की तैयारी की गई। भाजपा संगठन ने रूप नारायण सिन्हा के निधन को पार्टी, समाज और योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
