
बिलासपुर:शहर में अवैध रूप से संचालित कबाड़ कारोबार और बेजा कब्जों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सिलसिलेवार अभियान के तहत अवैध अतिक्रमण कर बनाए गए तीन कबाड़ गोदामों को हटाया गया तथा सील कबाड़ियों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

जानकारी के अनुसार, चकरभाठा ट्रांसपोर्ट नगर गेट के पास संचालित पिंटू चौहान की कबाड़ी दुकान पर कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाया गया। इसी तरह बड़ी कोनी क्षेत्र में मंसूर बेग की कबाड़ी दुकान पर किए गए बेजा कब्जे को भी प्रशासनिक कार्रवाई के तहत हटवाया गया।

इसके अलावा चांटीडीह ईरानी मोहल्ला निवासी नानू साहू के कबाड़ गोदाम को भी अवैध कब्जे में संचालित पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए बेजा कब्जा हटाया गया।
पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के दौरान सील किए गए कबाड़ी गोदामों के दस्तावेजों का परीक्षण किया गया, जिसमें तीन कबाड़ गोदाम अवैध बेजा कब्जा कर बनाए गए पाए गए। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शहर में अवैध रूप से कबाड़ कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के एक्शन मोड में आने से अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
