
बिलासपुर:सकरी थाना क्षेत्र में ढाबे पर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को प्रार्थी हर्ष पटेल अपने साथी आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ भवानी ढाबा खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद लौटने के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने आदित्य साहू से बिना वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी सुमीत यादव अपने 6-7 साथियों के साथ मिलकर आक्रामक हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि आरोपियों ने डंडे, पाइप और पत्थरों से हमला कर मारपीट की तथा प्रार्थी का मोबाइल फोन पटककर तोड़ दिया। घटना की शिकायत पर सकरी थाना में अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमीत यादव (23 वर्ष) निवासी अशोक नगर, बहतराई को ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद होने पर मामले में 25 आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इधर, ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी सहित थाना पहुंचकर कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने और आरोपी का सहयोग करने वाले उमेश शर्मा तथा निशान गुप्ता के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
