
रायगढ़:जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश देकर 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीली बुट्रम इंजेक्शन, नगदी रकम ₹7570, मोबाइल और बाइक जब्त की है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।

पुलिस के मुताबिक, बीड़पारा क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर संयुक्त टीम ने एक मकान में रेड कार्रवाई कर दो आरोपियों को गांजा बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ा। तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरी में रखे छह पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 6.168 किलो निकला। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मिलकर ओडिशा से गांजा मंगाकर रायगढ़ में सप्लाई करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में रामलीला मैदान के पास नाबालिगों और युवाओं को नशीले इंजेक्शन बेचने की सूचना पर साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने दबिश दी। मौके पर पुलिस को देखकर कुछ युवक फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 24 नग बुट्रम (Butorphanol) इंजेक्शन, सिरिंज, नगदी, मोबाइल और अपाचे बाइक बरामद की गई।
पूछताछ में एक अन्य सप्लायर का नाम सामने आने पर पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
