
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रहस्य, रोमांच और लोकसंस्कृति का नया रंग लेकर आ रही फिल्म ‘मोर जहुरिया’ 29 मई को प्रदेशभर के मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के प्रमोशन को लेकर रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा, अभिनेता अजय पटेल, अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा और अमृता कुशवाहा मौजूद रहीं। कलाकारों ने फिल्म की कहानी, शूटिंग अनुभव और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के बढ़ते दायरे पर चर्चा करते हुए दर्शकों से बड़ी संख्या में सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म देखने की अपील की।


प्रेसवार्ता में निर्माता-निर्देशक मनीष मिश्रा ने बताया कि ‘मोर जहुरिया’ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पृष्ठभूमि पर आधारित एक अलग विषय की फिल्म है, जिसमें गांव की संस्कृति, रहस्य, तंत्र-मंत्र, जादू-टोना, कॉमेडी और प्रेम कहानी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी तखतपुर के एक युवक से जुड़ी मान्यता पर आधारित है, जिसमें नवरात्रि के दौरान उस पर “काली माता” की सवारी आने का रहस्य दर्शाया गया है। फिल्म में मनोरंजन के साथ भावनात्मक और सस्पेंस से भरपूर दृश्य दर्शकों को बांधे रखेंगे।

अभिनेता अजय पटेल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग महज 15 दिनों में बिलासपुर, मस्तूरी, जयराम नगर और रायपुर सहित कई स्थानों पर पूरी की गई है। वहीं फिल्म के चर्चित गीतों की शूटिंग चिरमिरी और रायपुर के विशेष लोकेशनों पर हुई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी कलाकारों ने फिल्म में दमदार अभिनय किया है और दर्शकों को एक नया अनुभव मिलेगा।
अपने फिल्मी सफर का जिक्र करते हुए अजय पटेल ने बताया कि वे अब तक छत्तीसगढ़ी, भोजपुरी और उड़िया भाषा की 74 से अधिक फिल्मों और एल्बम में काम कर चुके हैं। बिलासपुर निवासी होने के कारण छत्तीसगढ़ी फिल्मों से उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मोर जहुरिया’ में उनका किरदार चुनौतीपूर्ण है, जिसमें काली माता की सवारी, रहस्यमयी घटनाएं और कई अलग-अलग भावनात्मक पहलू देखने को मिलेंगे। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्मों के चर्चित संवाद भी सुनाए।
अभिनेत्री शालिनी विश्वकर्मा ने बताया कि यह उनकी तीसरी फिल्म है। इससे पहले वे ‘बिरनपुर फाइल्स’ में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ‘मोर जहुरिया’ उनके करियर की एक अलग और यादगार फिल्म साबित होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि उनका एल्बम गीत “मोर बर ले देना राजा” दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है और उन्हें इस फिल्म से भी अच्छी उम्मीदें हैं।
वहीं अभिनेत्री अमृता कुशवाहा ने बताया कि ‘मोर जहुरिया’ उनकी दूसरी फिल्म है। इससे पहले वे ‘हंडा’ में अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह एक पारिवारिक पृष्ठभूमि पर आधारित सस्पेंस ड्रामा फिल्म है, जिसमें रहस्य और रोमांच दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा।
प्रेसवार्ता के अंत में कलाकारों ने संयुक्त रूप से दर्शकों से 29 मई को सिनेमाघरों में पहुंचकर फिल्म ‘मोर जहुरिया’ देखने की अपील की।
