
बिलासपुर। वर्षों बाद पुराने दोस्तों से मिलने, बचपन की यादों को ताजा करने और दोस्ती के अनमोल पलों को फिर से जीने के लिए 36गढ़ स्कूल बैच 1990 द्वारा भव्य रीयूनियन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह खास मिलन समारोह 31 मई 2026, रविवार को शाम 6 बजे से रीति रिवाज रेस्टोरेंट, सीपत चौक, बिलासपुर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संजय सोनी एवं राजीव शर्मा ने बताया कि इस यादगार आयोजन में सभी साथियों को सपत्नीक आमंत्रित किया गया है, ताकि परिवार सहित पुराने मित्रों के साथ सुनहरे पलों को साझा किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक रीयूनियन नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी दोस्ती, अपनत्व और भावनात्मक रिश्तों को फिर से जीवंत करने का अवसर है।
रीयूनियन को लेकर पुराने साथियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम में मनोरंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुराने किस्सों की यादें, मस्ती भरे पल और सामूहिक फोटो सेशन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
पोस्टर में लिखी पंक्तियां — “मिलेंगे सालों बाद पुराने मित्र, देखें कितना बदला चाल चरित्र…” और “मिलेंगे फिर से, वही यार वही यादें” — लोगों को भावुक कर रही हैं और स्कूल के दिनों की याद दिला रही हैं।
आयोजकों ने सभी पुराने साथियों से समय पर पहुंचकर इस यादगार शाम को ऐतिहासिक और खास बनाने की अपील की है।
