
रायगढ़:आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में पुलिसकर्मियों के लिए एक दिवसीय सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ऑल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायगढ़ द्वारा जिले के पुलिसकर्मियों को जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क दुर्घटना, हृदयाघात, आगजनी, बाढ़ अथवा अन्य आपात स्थितियों में घायल या अचेत व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक सहायता प्रदान करने और सही तरीके से सीपीआर देकर उसकी जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करना था।


कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन और वीडियो डेमो के जरिए सीपीआर की आवश्यकता, महत्व और इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में डॉ. गजेंद्र ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो जाए, वह मूर्छित हो जाए और कोई प्रतिक्रिया न दे रहा हो, तो सही तकनीक से सीपीआर देकर रक्त संचार को दोबारा सक्रिय करने का प्रयास किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में सबसे पहले पीड़ित को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसकी प्रतिक्रिया जांचनी चाहिए तथा तुरंत डायल 108 और 112 पर कॉल कर मेडिकल सहायता बुलानी चाहिए। मेडिकल टीम के पहुंचने तक प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा सीपीआर देकर जीवन बचाने का प्रयास किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटना से संबंधित वीडियो दिखाकर सीपीआर की विधि समझाई गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्वयं प्रायोगिक अभ्यास कर सीपीआर देने की तकनीक सीखी।
कार्यक्रम के अंत में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने आयोजन के लिए डॉक्टर प्रभात पटेल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में आरआई अमित सिंह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 100 पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
