
धरमजयगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई, पिकअप वाहन जब्त; मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जाने का आरोप
रायगढ़, 25 मई। जिले में मवेशी तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन शंखनांद” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 08 नग मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 मई की रात डॉयल 112 टीम को सूचना मिली कि ग्राम खड़गांव में एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को लोड कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 AS 8363 में 08 मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। पुलिस ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेकर मवेशियों को मुक्त कराया।
पूछताछ में वाहन में मौजूद दो आरोपियों की पहचान सत्यपाल राठिया (21) और तिहारू राम राठिया (30) निवासी चाकामार नवापारा, जिला कोरबा के रूप में हुई। वहीं वाहन चालक रमेश राठिया मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना थाना प्रभारी धरमजयगढ़ को दी गई, जिसके बाद पिकअप वाहन, मवेशियों और आरोपियों को थाना लाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुक्त कराए गए मवेशियों के चारा-पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें ग्राम सलखिया गौशाला में रखा गया है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, प्रधान आरक्षक जगित राठिया, डॉयल 112 आरक्षक प्याराजीवन टोप्पो और चालक इलियास खान उर्फ बबलू की सराहनीय भूमिका रही।
