
रायगढ़:जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच में हार-जीत पर दांव लगवा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी जब्त कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मई की रात थाना धरमजयगढ़ को सूचना मिली कि धरमजयगढ़ स्थित वर्षों से बंद पड़े भारत टॉकीज के सामने कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष भौमिक (38 वर्ष) निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी, खरसिया रोड थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आईपीएल टीमों के नाम और पैसों के हिसाब-किताब से जुड़ी सट्टा-पट्टी, 725 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस अब मोबाइल की जांच कर रही है, जिसमें ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना जताई जा रही है।
धरमजयगढ़ थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, आरक्षक विजयानंद राठिया एवं कमलेश केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिलेभर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अंक सट्टा नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरवरी 2026 से अब तक 62 सटोरियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिनसे 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, नोट गिनने की मशीन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं।
