
बिलासपुर:भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सोमवार को बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार बिजली कटौती से आम लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई इलाकों में घंटों तक बिजली बंद रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा दिक्कत झेल रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली विभाग में पर्याप्त स्टाफ की कमी के कारण शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है। वहीं मेंटेनेंस के नाम पर की जा रही बार-बार बिजली कटौती पर सवाल उठाते हुए कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि व्यवस्था सुधारने के बजाय लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव शिल्पी तिवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सूर्य घर योजना के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बिजली व्यवस्था चरमराई हुई नजर आ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और अनियोजित कटौती बंद नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा
