
कोरबा-ढेंगुरनाला कोहड़िया में हुए आत्महत्या मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक बसंत पटेल से ₹15 हजार लेने के बाद रकम वापस नहीं की गई और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नीलकुमार चौहान (36 वर्ष) की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
घटना 10 मई 2026 की है, जब ढेंगुरनाला कोहड़िया निवासी बसंत पटेल (40 वर्ष) की आत्महत्या की सूचना पर पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की थी। विस्तृत विवेचना में आर्थिक लेन-देन और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया।
कोरबा पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
