19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:सुशासन तिहार के तहत जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित 61 आदिवासी परिवारों तक सीधे गांव पहुंचकर राहत सहायता राशि वितरित की। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने वर्षों से लंबित प्रकरणों का निराकरण कर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोटा के मार्गदर्शन में तहसील बेलगहना अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगवां के सरार टिकरा मोहल्ले में राजस्व अमला पहुंचा, जहां आंशिक मकान क्षति से प्रभावित 61 हितग्राहियों को राहत राशि के चेक सौंपे गए। राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक हितग्राही को 4-4 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई। इस प्रकार कुल 2 लाख 44 हजार रुपए का मुआवजा वितरित किया गया।
विशेष बात यह रही कि सभी लाभार्थी आदिवासी समाज से संबंधित हैं। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार रोशन साहू एवं नायब तहसीलदार राहुल साहू स्वयं गांव पहुंचकर हितग्राहियों को सहायता राशि प्रदान की।
ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित मामलों के निराकरण और गांव में पहुंचकर राहत वितरण किए जाने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
