19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में निजी, राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा एवं अतिक्रमण से जुड़े कई आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल एवं एडीएम शिवकुमार बनर्जी भी मौजूद रहे।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत उड़ेला के किसानों ने सामूहिक आवेदन देकर शिकायत की कि गांव के जनक राम कौशिक एवं जगत कौशिक द्वारा आम निस्तारी मार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे लगभग 25 किसानों को खेती-किसानी के कार्य हेतु आने-जाने में परेशानी हो रही है।

वहीं चकरभाठा निवासी प्रभा मानिकपुरी ने अपने दिव्यांग पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत कपसियाखुर्द की पूर्व सरपंच कमल बाई राजपूत ने पंचायत क्षेत्र में कराए गए निर्माण कार्यों की लंबित भुगतान राशि दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। विजयपुर निवासी बहोरिक पाल ने अधिग्रहित भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार कराने की मांग की।
जनदर्शन में पहुंची वृद्ध महिला ढयाना बाई ने बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से सामान चोरी कर लिया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं दिव्यांग मुकेश सिंह ठाकुर ने ट्राई सायकल उपलब्ध कराने एवं स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग रखी।
इसके अलावा ग्राम पंचायत ओखर की सरपंच श्रीमती ललिता लक्ष्मीप्रसाद यादव ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
