19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मामूली बाइक टक्कर का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दशगात्र कार्यक्रम में शामिल लोगों पर बेल्ट, डंडा, लोहे की रॉड, ईंट और पेचकस से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 17 मई 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। प्रभाकर मार्शल, निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल मोटरसाइकिल से लाउडस्पीकर के जरिए समाज की महिलाओं को दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना दे रहे थे। इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए पहुंचे बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

विरोध करने पर बादल जांगड़े आगबबूला हो गया और मां-बहन की गालियां देते हुए बेल्ट से हमला शुरू कर दिया। देखते ही देखते विक्की जांगड़े, विकास मार्शल सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु, ईंट और नुकीले हथियार से हमला कर दिया।
हमले में प्रार्थी के सिर के पीछे गंभीर चोट आई, वहीं बीच-बचाव कर रहे निमेश राय के सिर, कान, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पचपेड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत बलवा, प्राणघातक हमला और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईंट का टुकड़ा, बेल्ट, पेचकस और डंडा बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी
बादल जांगड़े (19)
सरोज जांगड़े (44)
विक्की जांगड़े (21)
तुलसी जांगड़े (57)
ललित जांगड़े (38)
शैलेंद्र जांगड़े (35)
इतवारी जांगड़े (45)
सहित 2 नाबालिग आरोपी, सभी निवासी ग्राम पचपेड़ी, जिला बिलासपुर।
पुलिस ने सभी आरोपियों को 19 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
