19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चकरभाठा एवं ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए MDMA जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ की बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम MDMA एवं एक एस-क्रॉस कार क्रमांक CG 28 L 8130 जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12 लाख 95 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी स्थित खोलीभाटा मैदान में एक एस-क्रॉस कार में दो युवक नशीला पदार्थ MDMA रखकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना चकरभाठा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम MDMA बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने नशीले पदार्थ को बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम —
चंद्रेश बलेचा, पिता श्रीपाल बलेचा, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 12 चकरभाठा, बिलासपुर।
महेश वर्मा, पिता शंभू वर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 05 चकरभाठा, बिलासपुर।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
