19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़:सेंट जेवियर स्कूल बोइरदादर में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-126 के दौरान रायगढ़ पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना यातायात एवं साइबर सेल के अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में 28वीं बटालियन के कर्नल प्रवीण तेवतिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा को एनसीसी की मूल पहचान बताया। उन्होंने युवाओं को समय पालन, जिम्मेदारी, टीम वर्क और सकारात्मक सोच अपनाने की सीख दी। कर्नल तेवतिया ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित करने का मजबूत मंच है। उन्होंने कैडेट्स से नशे और गलत संगति से दूर रहकर शिक्षा, खेल और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर विस्तार से चर्चा करते हुए तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, मोबाइल फोन का उपयोग, शराब पीकर वाहन चलाना, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों को हादसों की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और जागरूकता एवं अनुशासन से अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी कैडेट्स को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, फिशिंग कॉल, डिजिटल अरेस्ट और बैंकिंग फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। कैडेट्स को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, निजी जानकारी साझा न करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या अभिभावकों को देने के लिए जागरूक किया गया।
पॉक्सो एक्ट और बच्चों की सुरक्षा पर आयोजित विशेष संवाद में अधिकारियों ने “गुड टच और बैड टच” की जानकारी देते हुए बच्चों के विरुद्ध अपराधों की संवेदनशीलता समझाई। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन उत्पीड़न, अनुचित स्पर्श और अश्लील बातचीत जैसे कृत्य गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं। कैडेट्स को किसी भी असहज स्थिति में तुरंत शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई और युवाओं से अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। अंत में कैडेट्स को यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में 28वीं बटालियन के अधिकारी-कर्मचारी, थाना यातायात एवं साइबर थाना स्टाफ उपस्थित रहे।
