19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सिरगिट्टी
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौच और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार मामला अपराध क्रमांक 363/2026 का है, जिसमें बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351, 118(1), 333, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश मसीह उर्फ बट्टू (26), निवासी इंदिरा कॉलोनी तारबाहर, पुनीत राव गजवे (22) तथा पियुष रजक (19) शामिल हैं। वहीं एक अपचारी बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है।

प्रार्थिया ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 मई की रात करीब 10:35 बजे आरोपी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही घनश्याम एवं उसके साथी जबरन घर में घुस गए और अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और धारदार चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद ईंट-पत्थरों से गेट पर हमला कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुछ ही घंटों में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। आरोपी अविनाश मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और धारदार चाकू जब्त किया गया। वहीं अन्य आरोपियों एवं अपचारी बालक से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं में शामिल पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
