19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़:शादी की पार्टी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बरकसपाली गांव में घर में घुसकर महिलाओं एवं युवतियों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती धनमोती सारथी (45 वर्ष) निवासी बरकसपाली ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 मई 2026 को पड़ोसी रामकुमारी सारथी के पुत्र विनोद सारथी के विवाह समारोह में उनके परिवार को आमंत्रित किया गया था। विवाह कार्यक्रम में पहुंचने पर रामलाल सारथी ने बाद में अलग से पार्टी देने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया था।

बताया गया कि 18 मई की शाम धनमोती सारथी ने रामलाल सारथी से पार्टी देने को लेकर पूछताछ की, जिस पर वह नाराज होकर अपने घर चला गया। इसके बाद रात करीब 9 बजे रामलाल सारथी, मनोज सारथी और मंगल सिंह सारथी डंडा लेकर प्रार्थिया के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए दरवाजा खोलने का दबाव बनाने लगे।
आरोप है कि दरवाजा नहीं खोलने पर तीनों आरोपियों ने जबरन दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं प्रार्थिया की बेटियां सुक्रिता सारथी और अनिता सारथी के साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
मामले में थाना घरघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने आरोपी रामलाल सारथी (45 वर्ष), मंगल सिंह सारथी (58 वर्ष) एवं मनोज सारथी (20 वर्ष), सभी निवासी बरकसपाली थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
