19 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:South Eastern Coalfields Limited के मुख्यालय में मंगलवार को कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के पावर एवं एनआरएस सेक्टर के कोयला उपभोक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कंज्यूमर मीट का उद्देश्य उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना, कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन तथा परिचालन संबंधी विषयों पर संवाद को मजबूत बनाना रहा।
बैठक में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी, निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार तथा निदेशक (योजना/परियोजना) रमेशचंद्र महापात्र उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण कोयला उपलब्ध कराने और समयबद्ध डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने वर्ष 2026 के लिए 195 मिलियन टन उत्पादन और 200 मिलियन टन ऑफटेक का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे पूरी दक्षता के साथ हासिल किया जाएगा।

वहीं कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने के लिए कंपनी लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रेड स्लिपेज और गुणवत्ता संबंधी समस्याओं को न्यूनतम स्तर पर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में उपभोक्ताओं द्वारा दिए गए सुझावों और फीडबैक पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया गया।

कंज्यूमर मीट में पावर एवं एनआरएस सेक्टर की विभिन्न कंपनियों के करीब 125 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और बेहतर समन्वय से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में महाप्रबंधक (विक्रय एवं विपणन) अजित चौधरी सहित एसईसीएल और कोल इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद शाम को एसईसीएल मुख्यालय के सीएमडी कॉन्फ्रेंस हॉल में छत्तीसगढ़ स्पॉन्ज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन एवं स्पॉन्ज आयरन उद्योग से जुड़े उपभोक्ताओं के साथ भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें उद्योग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
