बिलासपुर:प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बिलासपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवनाथ नदी में अवैध खनन में लगी तीन चैन माउंटेन मशीनों को जप्त किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में खनिज विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है और मैदानी अमला खनन क्षेत्रों में चौकसी बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय जांच दल ने मध्यरात्रि में बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिवनाथ नदी में मशीनों के जरिए अवैध रेत उत्खनन करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनें पकड़ी गईं। कार्रवाई की भनक लगते ही मशीन ऑपरेटर मौके से फरार हो गए।
खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत उदईबंध में दो और अमलडीहा में एक मशीन को जप्त कर सील कर दिया। विभाग द्वारा मशीन मालिकों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खनिज अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
