18 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा कर्मचारियों के बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित “एसईसीएल समर कैंप 2026” का शुभारंभ रविवार को उत्साह और उमंग भरे माहौल में एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने दीप प्रज्वलित कर किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ “21 डेज़ ऑफ फन, फिटनेस एंड लर्निंग” थीम पर आधारित इस विशेष समर कैंप की शुरुआत हुई। 18 मई से 10 जून 2026 तक चलने वाला यह 21 दिवसीय कैंप एसईसीएल के विभिन्न संचालन क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में एसईसीएल मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, जेसीसी प्रतिनिधि, वेलफेयर कमेटी, एससी/एसटी काउंसिल तथा सिस्टा/ओबीसी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल, कला, संस्कृति और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
समर कैंप में बच्चों के लिए फिटनेस एवं खेलकूद, कला एवं शिल्प, संगीत, नृत्य, रोबोटिक्स, व्यक्तित्व विकास सहित कई शिक्षाप्रद और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। यह कैंप बच्चों को नई विधाएं सीखने, टीम भावना विकसित करने और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का अवसर देगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंगारंग और प्रेरणादायी माहौल से पूरा परिसर ऊर्जा, सकारात्मकता और आनंद से सराबोर नजर आया।
