18 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष…
रायगढ़ पुलिस ने पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सोडेकेला में दहशत फैलाने वाले युवक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुसा और घर परिसर में खड़ी बोलेरो व बाइक पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि 16 मई की दोपहर गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए बोलेरो क्रमांक CG 10 AE 9117 और HF डीलक्स बाइक क्रमांक CG 13 AH 6481 पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

विरोध करने पर आरोपी तलवार लेकर संतोष पटेल को जान से मारने दौड़ा, जिससे वह जान बचाकर भागा। इस हमले में दोनों वाहनों को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
शिकायत के बाद पुसौर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी मृत्युंजय बिशी (18 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 296, 351(3), 324(4) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया।
टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे की धारदार तलवार भी बरामद कर जप्त की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
