18 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/राजधानी रायपुर विशेष…..
रायपुर:राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक झपटमारी का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।

घटना सुबह की है, जब धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक पर पहुंचे झपटमारों ने पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके और आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रायपुर पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से लूट की वारदात की पुष्टि की है। घटना के बाद राजधानी की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि वीआईपी क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
