17 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर:थाना तोरवा पुलिस ने दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर एवं आदतन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद फरार होकर हरियाणा और दमन में लगातार अपनी लोकेशन बदलते हुए छिपा हुआ था। पुलिस पूछताछ में उसने बिलासपुर समेत अन्य जिलों में चोरी और लूट की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नैतिक उर्फ गणेश उर्फ चुचरू प्रधान (20 वर्ष) निवासी पावर हाउस धान मंडी के पास, थाना तोरवा, बिलासपुर है। आरोपी के खिलाफ थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 370/2025 के तहत धारा 331(4), 305(A), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

मामला 26 जुलाई 2025 की दरमियानी रात का है, जब पावर हाउस चौक स्थित धरमदास धमोचा की किराना दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 से 12 हजार रुपये नगद पार कर दिए थे। शिकायत के बाद तोरवा पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक चोरी करते नजर आए, जिनमें से एक की पहचान नैतिक प्रधान के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया था। साइबर सेल की मदद से उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जो हरियाणा और दमन क्षेत्र में लगातार बदलती मिली।
इसी बीच 16 मई 2026 को अड्डाबाजी चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि आरोपी वापस अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
आरोपी ने यह भी कबूला कि छत्तीसगढ़ लौटने के बाद उसने अपने एक साथी के साथ अकलतरा क्षेत्र में तीन दुकानों के ताले तोड़े और कपड़ा दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चोरी किए गए कपड़े भी बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी और अकलतरा रेलवे स्टेशन से मोबाइल लूट की घटना में भी शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक तोरवा क्षेत्र से चोरी की गई रकम आरोपी अपने साथियों के साथ खर्च कर चुका है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी था।
तोरवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 17 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की विवेचना जारी है।
