16 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:चकरभाठा पुलिस ने प्रेमिका पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती के घर में घुसकर धारदार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कड़ार निवासी भरत वर्मा (27 वर्ष) का गांव की युवती से पूर्व में प्रेम संबंध था। वर्ष 2025 में आरोपी के विवाह के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसके बाद आरोपी अक्सर युवती से गाली-गलौज करता था।

16 मई 2026 को युवती अपने घर में मौजूद थी, तभी आरोपी भरत वर्मा घर में घुस गया और जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से युवती के पेट और हथेली पर हमला कर दिया। युवती के चीखने-चिल्लाने पर उसके ससुर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की शिकायत मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से एक नग धारदार चाकू जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
