16 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में भू-जल संवर्धन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागृह, शनिचरी बाजार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस दौरान कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तेजी से घटते भू-जल स्तर को देखते हुए अब प्रत्येक नागरिक को पानी बचाने के लिए जागरूक होना होगा। उन्होंने वर्षा जल संचयन, तालाब संरक्षण और पौधरोपण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जन्मदिन और वर्षगांठ जैसे विशेष अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि तालाब, कुएं और अन्य जल संरचनाओं को बचाकर जल संकट से काफी हद तक निपटा जा सकता है।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और इसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने पौधरोपण, स्वच्छता और जल बचत को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि भू-जल का अत्यधिक दोहन होने से जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। भविष्य में जल संकट से बचने के लिए गांव और शहरों के अनुरूप नई तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने तालाब, डबरी और वर्षा जल संचयन संरचनाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए कचरे के पृथक्करण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
एसएसपी रजनेश सिंह ने जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि जिस तरह चोर सामान चुरा लेता है, उसी तरह हम धरती का पानी लगातार खत्म कर रहे हैं। उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने की भी अपील की।
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि भू-जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। वहीं नगर निगम उपायुक्त श्री खजांची कुमार ने कार्यशाला को जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यशाला में राजनांदगांव जिले के सहायक परियोजना अधिकारी फैज अहमद ने वी वायर टेक्नोलॉजी, पोंड विथ इंजेक्शन वेल सहित विभिन्न भू-जल संरक्षण संरचनाओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने वर्षा जल संचयन, संरचनाओं के निर्माण, उपयोग, मरम्मत और वैज्ञानिक कार्ययोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत एवं जनपद सदस्यों, 154 ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव, आर्किटेक्ट, तकनीकी विशेषज्ञ, बिल्डर्स तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
