16 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष……
रायगढ़ पुलिस की महिला थाना और साइबर टीम ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर छेड़छाड़, धमकी और अश्लील सामग्री भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह राजपूत (24 वर्ष) बिहार के गया जिले के लश्करगंज क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब 7-8 महीने पहले उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी।

शिकायत में बताया गया कि 5 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ पहुंचा और मेडिकल कॉलेज रोड स्थित चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती को बुलाकर गलत नियत से उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी लगातार युवती को फोन कर परेशान करता रहा। बातचीत बंद करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने लगा। 30 अप्रैल 2026 को आरोपी ने युवती पर साथ घूमने जाने का दबाव बनाया। डर के कारण युवती आरोपी के साथ मथुरा चली गई। बाद में युवती ट्रेन से रायगढ़ लौट आई, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और केवल सिम कार्ड वापस किया।
घर पहुंचने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद आरोपी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए युवती के परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा। मामले में महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत धारा 74, 75, 79 और 351(3) बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।
सूचना मिलने पर महिला थाना और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को यूट्यूबर बताया और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक मालती कंवर, आरक्षक राजेश उरांव तथा साइबर टीम के महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर और नवीन शुक्ला की अहम भूमिका रही।
सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करना खतरनाक साबित हो सकता है। सावधान रहे सतर्क रहे।
