16 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:राज्य शासन की नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना जिले की बेटियों के लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत सहारा बन रही है। इसी योजना से आर्थिक सहायता प्राप्त कर सरकंडा निवासी कुमारी कंचनलता अब अपने वकालत की पढ़ाई के सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

श्रमिक परिवार से आने वाली कंचनलता के लिए सीमित आय के बीच एलएलबी की पढ़ाई जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो गया था। आर्थिक तंगी के कारण कई बार उन्हें पढ़ाई छोड़ने का विचार भी आया, लेकिन सुशासन तिहार के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 19 में आयोजित समाधान शिविर में उन्हें नोनी सशक्तिकरण योजना की जानकारी मिली और योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
कंचनलता ने बताया कि वे कानून की पढ़ाई कर जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने का सपना देखती हैं। योजना से मिली सहायता राशि से अब उनकी फीस जमा करना आसान हो गया है और वे पूरी लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।

कंचनलता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि श्रम विभाग द्वारा संचालित नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना प्रदेश की अनेक बेटियों के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई उम्मीद बनकर उभर रही है।
