15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर:तोरवा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में तलवार लेकर मोहल्ले में उत्पात मचाने वाले बदमाश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि देवरीखुर्द निवासी डाकेश्वर दास मानिकपुरी उर्फ डाकू उर्फ पवन शराब के नशे में पल्सर मोटरसाइकिल को लापरवाही से चलाते हुए मोहल्ले में तलवार लहराकर गाली-गलौच कर रहा है। उसकी हरकतों से क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गतिविधियों को देखते हुए आशंका थी कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता था, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर संभावित घटना को टाल दिया गया।
आरोपी डाकेश्वर दास मानिकपुरी (27 वर्ष) निवासी देवरीखुर्द के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस, 25/27 आर्म्स एक्ट तथा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
