15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना पुलिस को चोरी के चार अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए बालक रात के समय सुनसान इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने दगौरी, बेलटुकरी, गुमा और बिल्हा क्षेत्र के कई घरों में चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने मकानों से सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, मोबाइल टॉवर का कॉपर केबल, कूलर मोटर, टुल्लू पम्प और नकदी रकम चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का टुल्लू पम्प और तीन कूलर मोटर बरामद कर ली है। चोरी की गई करीब 30 हजार रुपये की नकदी आरोपियों द्वारा खाने-पीने और अन्य खर्चों में खर्च करना बताया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों बालकों के खिलाफ पहले से भी चोरी के मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में की गई। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
