15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर:जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने स्कूटी में घूम रहे दो युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से धारदार चाकू और स्टील की कैची बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई की।
दिनांक 15 मई 2026 की रात थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम केशला सिटी मेन रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG10CC 4066 में सवार दो युवक पुलिस को संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ के बाद जब स्कूटी की तलाशी ली गई तो डिक्की के अंदर लोहे का धारदार चाकू और स्टील की कैची बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी राकेश यादव (22 वर्ष) एवं साहिद अली (21 वर्ष) निवासी निपनिया, थाना बिल्हा को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।
पूरे प्रकरण की कार्रवाई में उनि जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक हरदीप मरावी एवं सुमन चंद्रवंशी की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
