15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/ बिल्हा
बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के मोहतरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहतरा निवासी आयुष बरगाह ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अप्रैल 2026 की रात तालाब स्थित शिव मंदिर के पास उसके पिता राजेश बरगाह पर रूपेश मेहर और उसके साथियों ने डंडे एवं लकड़ी के बत्ते से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट आने के बाद पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट एवं बेडहेड टिकट के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराएं जोड़ दीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिल्हा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक मेहर (24 वर्ष) एवं अन्नू ध्रुव (20 वर्ष) निवासी मोहतरा सहित दो अपचारी बालकों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता भी बरामद किया है। मामले की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं मुकेश दिव्य की टीम ने पूरी की।
