15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर-ब्रिज का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को निर्माण स्थल पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओवर-ब्रिज पर पैदल चलकर तकनीकी गुणवत्ता का जायजा लिया तथा बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उच्च गुणवत्ता के पोल और लाइट लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी एवं सेतु संभाग के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि ओवर-ब्रिज का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्यों को तेजी से पूरा कर जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओवर-ब्रिज शुरू होने से रायपुर शहर और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को रेलवे फाटक बंद होने और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस रेलवे ओवर-ब्रिज के शुरू होने से रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन वाले इस मार्ग पर यातायात अधिक व्यवस्थित और तेज हो सकेगा। अधिकारियों के अनुसार पुल के मुख्य रेलवे हिस्से सहित दोनों ओर पहुंच मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि फिलहाल पेंटिंग और फिनिशिंग का कार्य जारी है। इसके बाद नाली निर्माण और लाइटिंग का काम शुरू किया जाएगा।
