15 मई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदने की अपील की है।

खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 1191 किलोलीटर पेट्रोल और 1507 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है, जो पांच दिनों से अधिक की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त है। जिले में संचालित 146 पेट्रोल पंपों में से केवल 8 पंपों पर अस्थायी रूप से ड्राईआउट की स्थिति बनी थी, जहां ऑयल कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति कर स्टॉक बहाल किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, पिछले दो दिनों में कुछ स्थानों पर घबराहट और अफवाहों के चलते लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद लिया, जिससे मांग अचानक बढ़ गई और कुछ पंपों पर अस्थायी कमी की स्थिति बनी।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने ऑयल कंपनियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की तथा मांग के अनुरूप नियमित सप्लाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों की सुविधा के लिए कॉल सेंटर नंबर 07752-224150 जारी किया गया है।
स्थिति सामान्य होने तक जिले के सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और ऑयल कंपनियों की टीम लगातार पेट्रोल पंपों की निगरानी और निरीक्षण कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है।
